जन कल्याण ग्रामोद्योग सेवा आश्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ग्राम प्रधान सतपोखरी हमीदुल्लाह अंसारी ने अलग अंदाज में मनाई दीपावली। जब पूरी दुनिया दीपावली की रौशनी व खुशियों में डूबी थी, उसी समय आश्रम में कुछ चेहरे थे जिनकी आँखों में दीप नहीं, बल्कि अपने बेटों का इंतज़ार था—जो उन्हें घर से निकाल चुके हैं।
डीडीयू नगर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, मुगलसराय कोतवाल गगन राज सिंह, इंस्पेक्टर राजेश कुमार मिश्रा और दुलहीपुर चौकी प्रभारी धर्मदेव सिंह ने वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई, मिठाई वितरित की और उनके चेहरों पर मुस्कान लाने की कोशिश की।
ग्राम प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी ने कहा, “इन बुजुर्गों को सम्मान देना ही सच्ची पूजा है। इनके आशीर्वाद से ही समाज में रौशनी बनी रहती है।” सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बुजुर्गों से हालचाल लिया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया, जबकि कोतवाल गगन राज सिंह ने अपने हाथों से उन्हें मिठाई खिलाई।
इस दीपावली की सबसे बड़ी सच्चाई यही रही—जहाँ लोग अपनों के साथ खुशियाँ मना रहे हैं, वहीं कुछ माँ-बाप अपने ही बच्चों के त्याग के बाद आश्रम की दीवारों के सहारे जीवन बिता रहे हैं। कभी जिन हाथों ने बच्चों को चलना सिखाया, आज वही हाथ किसी अपने की दस्तक का इंतज़ार कर रहे हैं।
यह दीपावली उन बुजुर्गों के नाम, जिनकी जिंदगी अब भी उम्मीद की लौ से जगमगा रही है।
मौके पर ग्राम प्रधान हमीदुल्लाह अंसारी, डीडीयू नगर सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, कोतवाल गगन राज सिंह, दुलहीपुर चौकी प्रभारी धर्मदेव सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह, हेड कांस्टेबल मेराज अहमद, समाजसेवी सद्दाम अंसारी आदि उपस्थित रहे।
